भरोसे के साथ दुराचार: काम दिलाने के बहाने महिला को ले जाकर किया गया दुष्कर्म,मामला अब पुलिस के पास, जानें क्या है कहांनी
काम दिलाने के बहाने चुनार की 26 वर्षीय एक विधवा महिला को कुछ लोग आगरा ले गए और उसका सौदा कर दिया। महिला के साथ उसका ढाई साल का बेटा भी था। महिला को खरीदने वाले तीन आरोपितों ने दस दिन तक होटल में रखकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर 30 दिसंबर को उसकी हत्या करने की नीयत से गमछे से गला कसकर आरोपितों ने उसे मृत समझकर जंगल में फेंक दिया। होश आने पर महिला भोर में किसी तरह जंगल से बाहर आई और एक ट्रैक्टर चालक से मदद मांगकर सड़क पर पहुंची। वहां से ट्रक व ट्रेन से मीरजापुर पहुंची। यहां आसपास के लोगों को आपबीती सुनाई तो लोग उसे चुनार कोतवाली ले गए। महिला की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के अनुसार उसके मोहल्ले के ही चार लोगों ने आगरा में काम दिलाने की बात कही थी। उसकी सहमति पर चारों उसे लेकर 20 दिसंबर को आगरा पहुंचे। वहां महिला को तीन लोगों के हवाले करके लौट आए। रात में तीनों युवकों ने उसे खरीदने की बात बताई और एक होटल में ले गए। वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। महिला का कहना है कि गला कसने के बाद आरोपित उसके ढाई साल के बच्चे को भी उठा ले गए। उसका बच्चा कहां है, यह अभी पता नहीं चल पाया है। महिला पुलिस से बच्चे को वापस लाने की गुहार लगा रही है।
आरोपितों की तलाश में पांच सदस्यीय टीम आगरा पहुंची, दो हिरासत में लिए जा चुके हैं। चुनार कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि चुनार पुलिस की टीम आगरा भेजी गई है। स्थानीय स्तर पर भी कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। चुनार में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पीड़िता की तहरीर पर चार नामजद व चार अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्रि ने बताया कि चुनार के एक महिला को आगरा में बेचने का मामला प्रकाश में आया है। उसकी तहरीर पर आठ लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम आगरा भेजी गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें