जौनपुर: वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी को गई एसओजी टीम पर पथराव, कई पुलिसकर्मी घायल
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव में गुरुवार की रात वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने पहुंची एसओजी व पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव में एसओजी के जवानों सहित एक उपनिरीक्षक घायल हो गए, जबकि थानाध्यक्ष के वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद जिले के कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंचकर गांव की घेराबंदी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाने के इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह एसओजी टीम के साथ रात करीब साढ़े नौ बजे बक्शा थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव की अनुसूचित बस्ती में वांछित अभियुक्त पंकज गौतम की गिरफ्तारी के लिए पहुंचे थे। पुलिस टीम के गांव में प्रवेश करते ही कुछ ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला उग्र हो गया और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए इस हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
पथराव में एसओजी के सिपाहियों के अलावा सिकरारा थाने में तैनात उपनिरीक्षक विनोद सिंह के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बक्शा थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन उग्र ग्रामीणों ने उनके वाहन पर भी पथराव कर दिया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
Comments
Post a Comment