सकारात्मक सोच और प्रभावी प्रस्तुति से ही खुलते हैं कॉरपोरेट के द्वार: विनोद मिश्रा
सफल साक्षात्कार के लिए बताए चार मंत्र- विभव मिश्रा
पीयू में 'अकादमिक-उद्योग संवाद' का आयोजन
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में शुक्रवार को आर्यभट्ट सभागार में ‘अकादमिक-उद्योग संवाद’ का आयोजन किया गया। “साक्षात्कार कैसे दें: कौशल, तैयारी और आत्मविश्वास” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट जगत की चुनौतियों का सामना करने और साक्षात्कार में सफलता पाने के गुर सिखाए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के वैज्ञानिक अधिकारी श्री विनोद कुमार मिश्रा ने छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि साक्षात्कार में अभ्यर्थी के ज्ञान और कौशल के प्रदर्शन में भाषा कभी बाधक नहीं होती। उन्होंने कहा, "साक्षात्कार लेने वाले की अपेक्षा होती है कि अभ्यर्थी अपने ज्ञान को कम समय में सटीक रूप से प्रस्तुत करे, ताकि आपसी बातचीत के लिए अधिक समय मिल सके और व्यक्तित्व का सही आकलन हो सके।" उन्होंने जोर देकर कहा कि सफलता के लिए अपने कौशल को प्रभावी ढंग से व्यक्त करना सबसे जरूरी है।
कार्यक्रम के विशिष्ट वक्ता, मर्सिडीज-बेंज (कनाडा) के सीनियर आईटी बिजनेस कंसल्टेंट और अमेज़न के पूर्व प्रोग्राम मैनेजर श्री विभव मिश्रा ने अपने अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को साझा किया। उन्होंने छात्रों को चार महत्वपूर्ण टिप्स दिए: साक्षात्कार के लिए चयन कैसे सुनिश्चित करें? चयन के बाद की तैयारी और प्रदर्शन। साक्षात्कार के बाद भविष्य की रणनीति। सकारात्मक सोच के साथ योजना बनाना। श्री विभव ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास भी अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम की संरक्षक और विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। कुलपति ने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन भविष्य में भी छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए ऐसे आयोजन करता रहेगा।
इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. वंदना सिंह द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विश्वविद्यालय की छात्राओं ने सुमधुर स्वर में 'पूर्वांचल गीत' की प्रस्तुति देकर सभागार का वातावरण भावपूर्ण बना दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन उप-समन्वयक डॉ. नितेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर प्रो. प्रमोद कुमार यादव, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. रजनीश भास्कर, डॉ. रसिकेश, सुशील कुमार, डॉ. अनु त्यागी,डॉ श्याम कन्हैया, डॉ. द्विव्येंदु मिश्र ,डॉ. राजन तिवारी, डॉ विशाल यादव, डॉ राजन तिवारी, मनोज यादव, श्यामजी त्रिपाठी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment