अयोध्या में भगवान राम के मन्दिर निर्माण हेतु मिल रहे है बड़े पैमाने पर दान




अयोध्या में भूमि पूजन के बाद अब हर किसी की इच्छा है कि जल्द से जल्द भव्य राम मंदिर का निर्माण हो। इसके लिए लोगों ने दिल खोलकर दान देना शुरू कर दिया है। इस काम में संत-महात्माओं और बड़े कारोबारियों के साथ ही अब छात्र भी आगे आए हैं। एमआईटी पुणे के छात्रों ने मंदिर निर्माण के लिए 21 करोड़ रुपए का योगदान दिया है। दूसरी ओर राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने देशभर के राम भक्तों से मिला एक कुंतल सोना-चांदी ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को सौंप दिया है।

ट्रस्ट के महासचिव ने बताया कि राम मंदिर निर्माण के लिए राम भक्त दिल खोलकर मदद कर रहे हैं। राम भक्तों के साथ ही छात्र भी इस काम के लिए आगे आए हैं। पुणे स्थित एमआईटी के छात्रों ने 21 करोड़ रुपए की बड़ी धनराशि का योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि राम भक्तों की ओर से कई महीने से ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास को दान दिया जा रहा था। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने इस तरह एकत्र किया गया करीब एक कुंतल सोना और चांदी सहित एक लाख का चेक ट्रस्ट को सौंप दिया है। इसके साथ ही मणिराम दास छावनी के पुजारी महंत बजरंग दास ने भी मंदिर निर्माण के लिए 40 किलो चांदी की ईंटें दी हैं।


उन्होंने बताया कि संत मोरारी बापू के आह्वान पर उनके अनुयायियों ने 4 दिनों में करीब 18 करोड़ रुपए इकट्ठा किए हैं। देश में रहने वाले श्रद्धालुओं ने 11 करोड़ 60 लाख रुपए का दान दिया है। यह धनराशि ट्रस्ट के खाते में ट्रांसफर हो गई है। विदेश में रहने वाले राम भक्तों की ओर से आया सात करोड़ रुपए के दान का भुगतान अभी रोका गया है। विदेश से चंदा लेने के लिए ट्रस्ट का रजिस्ट्रेशन होने के बाद इसका भी भुगतान हो जाएगा।

ट्रस्ट के महासचिव ने कहा कि भूमि पूजन अनुष्ठान के यजमान महेश भागचंदका और कोलकाता के संजय बंसल ने भी एक-एक करोड़ रुपए का दान किया है जबकि एक श्रद्धालु की ओर से एक करोड़ रुपए का गुप्त दान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने वाली है क्योंकि लोग तन,मन, धन से मदद करने के लिए आगे आ रहे हैं। पांच लाख तक का ऑनलाइन भुगतान बैंक में सीधे आ रहा है। उन्होंने कहा कि एक लाख का दान देने वालों की संख्या काफी ज्यादा है और इस सूची में तमाम लोगों के नाम शामिल हैं।


इस बीच विहिप ने राम मंदिर निर्माण के लिए एक बड़ी योजना बनाई है। विहिप शिला पूजन अभियान के तर्ज पर देश के चार लाख गांवों में जनसंपर्क अभियान चला कर हर परिवार से मंदिर के निर्माण के लिए आर्थिक मदद देगी। जानकारों का कहना है कि विहिप का यह अभियान दिसंबर से शुरू हो सकता है।

विहिप के केंद्रीय मंत्री अशोक तिवारी ने बताया कि विहिप की योजना देश के 10 करोड़ से अधिक परिवारों तक अपना संदेश पहुंचाने की है। संगठन को उम्मीद है कि संगठन के इस अभियान से काफी संख्या में लोग राम मंदिर निर्माण से जुड़ेंगे।

Comments

Popular posts from this blog

बाहुबली नेता धनंजय सिंह की जमानत याचिका में स्थगन के मुद्दे पर न्यायाधीश की तल्ख टिप्पणी पर जानें क्या निकाले जा रहे है मायने

स्कूल जाते समय तेज धूप के कारण गश खाकर गिरी कक्षा तीन की छात्रा उपचार के दौरान हो गई मौत

जानिए जेल से कब तक बाहर आ सकते है पूर्व सांसद धनंजय सिंह और क्या होगा उनका राजनैतिक भविष्य