जनगणना-2027 की तैयारियों पर मंथन, 22 मई से शुरू होगा प्रथम चरण

जौनपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रथम जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति की बैठक प्रमुख जनगणना अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी जनगणना-2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2027 तक संचालित किया जाएगा। इसके पूर्व 7 मई से 21 मई 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी ने स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि अधिक से अधिक नागरिक स्वयं गणना कर इस राष्ट्रीय कार्य में सहभागिता सुनिश्चित करें।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई कि जनपद के मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय प्रशिक्षण 24 से 27 फरवरी 2027 तक लखनऊ में आयोजित होगा। साथ ही 146 फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति प्रक्रियाधीन है, जिन्हें मार्च में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद अप्रैल में प्रगणकों व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रथम चरण में जिले में 8000 से अधिक ग्रामीण एवं 1000 से अधिक शहरी गणना ब्लॉक निर्धारित किए जाएंगे। इसके लिए 9800 से अधिक प्रगणक ब्लॉक तथा 1600 से अधिक पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।

बैठक में बताया गया कि जनगणना-2027 पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। इसके लिए मोबाइल ऐप एवं सीएमएमएस पोर्टल का उपयोग होगा। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से आंकड़ों का संकलन व प्रकाशन त्वरित एवं त्रुटिरहित होगा।

इस बार जनगणना में ‘ब्रिंग योर ओन डिवाइस (BYOD)’ थीम अपनाई जाएगी, जिसके तहत कार्मिक अपने मोबाइल अथवा डिवाइस से ही डाटा संकलन करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए और कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र के द्वारा उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परिषदीय बोर्ड परीक्षा -2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकल विहीन संपादित कराये जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ई-डिस्ट्रिक्ट सेल का औचक निरीक्षण किया गया।

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए ₹30,000 मानदेय की मांग उठाई

लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन