आज जारी हो सकती है आरक्षण सूची प्रधान पदों पर सर्वाधिक बदलाव की संभावना



उत्तर प्रदेश में गांव की सरकार के गठन की तैयारी के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार को इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देश के बाद अब नए सिरे से आरक्षण प्रक्रिया लागू करनी पड़ रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्य पद के बाद अब ग्राम प्रधान व ब्लाक प्रमुख के पदों का आरक्षण  आज तय होने की प्रबल संभावनाएं है।
प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में नए आरक्षण फार्मूले के तहत 19 मार्च शुक्रवार को ग्राम प्रधान, ब्लाक प्रमुख, जिला, क्षेत्र व ग्राम पंचायत सदस्यों का आरक्षण निर्धारण के लिए खासी माथा पच्ची किया गया है। ब्लाक व जिला मुख्यालयों पर आज शनिवार से अनंतिम सूची प्रकाशित किया जा सकता है। साथ ही  आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी आरंभ हो जायेगी। अपर मुख्य सचिव पंचायतीराज मनोज कुमार सिंह के अनुसार सभी जगह पर जिलाधिकारी को आरक्षण आवंटन प्रक्रिया पूरी कराने के साथ सूचीयां तैयार करा दी गयी है। आरक्षण प्रस्तावों पर 20 से 23 मार्च तक आपत्तियां प्राप्त करने के बाद 24 व 25 मार्च में निस्तारण किया जाएगा। आपत्ति निस्तारण जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति द्वारा किया जाएगा। समिति में मुख्य विकास अधिकारी (अध्यक्ष) व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, (सदस्य) जिला पंचायत अधिकारी (सदस्य सचिव) होंगे। अंतिम सूची 26 मार्च को निदेशालय को उपलब्ध करा दी जाएंगी।
नए फार्मूले पर आरक्षण निर्धारित करने के लिए बीते गुरुवार को दिनभर जिला व ब्लाक कार्यालयों में आरक्षण को अन्तिम रूप देने की प्रक्रिया होती रही। सूत्रों का कहना है कि वर्ष 2015 को आधार बनाकर चक्रानुक्रम आरक्षण लागू करने से ग्राम प्रधान पदों में सर्वाधिक बदलाव होगा। 40- 50 प्रतिशत तक प्रधान पदों का आरक्षण बदल जाएगा। ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायतों के वार्ड आरक्षण में 20-25 प्रतिशत बदलाव होने की उम्मीद है।

Comments