अभाविप काशी प्रांत के 65वें प्रांतीय अधिवेशन का जौनपुर में भव्य शुभारंभ
सदस्यता में नया कीर्तिमान, 3.86 लाख छात्रों से जुड़े अभाविप कार्यकर्ता
डॉ. महेंद्र त्रिपाठी प्रांत अध्यक्ष व शिवम सिंह प्रांत मंत्री निर्वाचित
इस अवसर पर अभाविप काशी प्रांत के निवर्तमान प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह ने विगत वर्ष का संगठनात्मक वृत्त प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष अभाविप काशी प्रांत ने सदस्यता के अपने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए 3,86,091 विद्यार्थियों को संगठन से जोड़ा है, जो अब तक की सर्वाधिक सदस्यता है। इसे विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया गया।
इसके पश्चात निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी डॉ. अखिलेश पांडेय ने काशी प्रांत के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की घोषणा की, जिसमें जौनपुर निवासी डॉ. महेंद्र त्रिपाठी को प्रांत अध्यक्ष तथा भदोही के शिवम सिंह को प्रांत मंत्री निर्वाचित किया गया।
अधिवेशन के प्रथम दिवस पर चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। इनमें केंद्रीय व राज्य विश्वविद्यालयों में रिक्त सीटों एवं लंबी प्रवेश प्रक्रिया की समस्या, वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्र चेतना का अमर घोष, स्क्रीन टाइम से ग्रीन टाइम की ओर संतुलित जीवन की पहल तथा सीमांत से सशक्तिकरण तक सोनभद्र के विकास व पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रस्ताव शामिल रहे। इन प्रस्तावों पर प्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं, जिन्हें अंतिम दिन पारित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए संघ के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि वर्तमान समय में भारत को पुनः राष्ट्रीय पुनरुत्थान की आवश्यकता है, जिसका आधार ज्ञान और चरित्र की शिक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता में ही वास्तविक शक्ति निहित है और राष्ट्र तभी सशक्त बनेगा जब ‘व्यक्ति की जय’ के बजाय ‘भारत की जय’ के संकल्प के साथ कार्य किया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रखने और राष्ट्र विरोधी शक्तियों की सही पहचान करने की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।
विशिष्ट अतिथि योगेश्वर दत्त ने कहा कि अभाविप के कार्यकर्ता व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्र के लिए कार्य करते हैं। किसी भी देश की असली ताकत उसके युवा होते हैं। यदि युवा मानसिक और शारीरिक रूप से सशक्त हैं तो राष्ट्र स्वतः मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी, सैनिक और शिक्षक—तीनों अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं, अभाविप के राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि आज का युवा बढ़ते स्क्रीन टाइम की चुनौती से जूझ रहा है, जो मानसिक तनाव का कारण बन रहा है। उन्होंने शैक्षणिक परिसरों में समाज को तोड़ने वाली विचारधाराओं से सावधान रहने और छात्र शक्ति को जागरूक होकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
अधिवेशन में काशी प्रांत के विभिन्न जनपदों से आए प्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment