एक के बाद एक लगातार तीन बेटियां पैदा होने से पिता ने आपा खोया, मासूम बेटी को नदी में फेंका
शव बरामद करने में जुटी पुलिस, देर शाम तक नहीं मिला मासूम का शव
दिल दहला देने वाली घटना केराकत कोतवाली थाना क्षेत्र के खर्गसेनपुर गांव की है। गांव का अशोक कुमार विश्वकर्मा बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपनी डेढ़ साल की बेटी रूबी को टहलाते घुमाते पड़ोसी गांव टड़वा के गोमती नदी के किनारे ले गया और उसे नदी में फेंक दिया।
घटना को नदी उस पार बैठे कुछ मल्लाहों ने देखा और चिल्लाकर अन्य लोगों को बताते हुए बेटी को बचाने के लिए नदी में कूद गए। लेकिन घटना स्थल की दूरी अधिक होने के चलते वे कुछ नहीं कर पाए और नदी के तेज बहाव में मासूम बेटी लापता हो गई। घटना की सूचना गांव में आग की तरह फ़ैल गई। मौके पर पहुंची थानागद्दी पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
बाद में सीओ अजीत रजक और कोतवाल दिपेन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए। अशोक की पत्नी संजू ने पुलिस बताया कि तीसरी बेटी के पैदा के बाद से अशोक अक्सर घर झगड़ा करता था। संजू ने बताया कि अशोक लड़का चाहता था लेकिन लड़की पैदा हो गई।
45 वर्षीय अशोक जीविकोपार्जन के लिए मुंबई रहता है। उसकी पत्नी और बेटियां खर्गसेनपुर गांव में रहती हैं। उसके दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी आकांक्षा 18 साल की है जबकि दूसरी बेटी सृष्टि 13 साल की। घटना से पूरे गांव आश्चर्य चकित है। कोतवाल दिपेन्द्र सिंह ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment