अब महागठबन्धन में आरोप प्रत्यारोप का दौर हो गया शुरू,हार का ठिकरा किसके सर



बिहार विधानसभा चुनाव में हार के बाद महागठबंधन में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। राजद की ओर से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरने के बाद कांग्रेस की ओर से भी पलटवार किया गया है। राजद नेता शिवानंद तिवारी ने सीधे तौर पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिहार में चुनाव के समय राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका के घर शिमला में पिकनिक मनाने में जुटे हुए थे।राजद के इस आरोप के बाद बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने हार के लिए कांग्रेस को दोषी ठहराने को गलत बताया है। उनका कहना है कि राजद को बताना चाहिए कि साल 2000, 2005 और 2010 में कांग्रेस के साथ गठबंधन न करने पर भी उसकी हार क्यों हुई थी।

राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने विधानसभा चुनाव में हार का ठीकरा कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सिर फोड़ा है। उनका कहना है कि 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारने वाली कांग्रेस ने चुनाव में 70 रैलियां भी नहीं कीं। राहुल गांधी ने चुनाव के दौरान के सिर्फ तीन दिन का बिहार दौरा किया और प्रियंका गांधी प्रचार करने तक नहीं आई।


राजद नेता ने कहा कि जब बिहार में चुनावी सरगर्मियां चरम पर थीं तो राहुल गांधी शिमला में अपनी बहन प्रियंका के घर पिकनिक मना रहे थे। उन्होंने राहुल की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा‌ कि उसके काम करने के ढंग से भाजपा को ही फायदा हो रहा है।

राजद के वरिष्ठ नेता ने कहा कि केवल बिहार ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा सीटें हथियाने में लगी रहती है मगर चुनाव में उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहता है। कांग्रेस की ओर से बिहार में ऐसे लोगों की तैनाती की गई जिन्हें बिहार के बारे में तनिक भी जानकारी नहीं थी। कांग्रेस का यह फैसला सही नहीं था। कांग्रेस के काम करने के ढंग से भाजपा को फायदा हो रहा है और भाजपा लगातार मजबूत होती जा रही है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू में भी शिवानंद तिवारी को अनुभवी नेता बताते हुए उनका वीडियो शेयर किया है।


बिहार में महागठबंधन की हार के बाद राजद नेता शिवानंद तिवारी पहले भी कांग्रेस पर हमला बोल चुके हैं, लेकिन अब उन्होंने सीधे तौर पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। राजद के साथ ही भाकपा माले, भाकपा और माकपा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा था। इन दलों का भी कहना था कि कांग्रेस को इतनी ज्यादा सीटें देना महागठबंधन की हार का कारण बन गया क्योंकि कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा।

महागठबंधन में शामिल दलों के सवाल उठाने के बाद अब कांग्रेस की ओर से भी जवाब दिया गया है। बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कांग्रेस की ओर से जवाब देते हुए राजद पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राजद एक विशेष जाति की राजनीति करता है और यही कारण है कि उसे पूरे बिहारी समाज का समर्थन नहीं हासिल हो पाता। उन्होंने महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव की एक सभा का उदाहरण देते हुए कहा कि राजद की ओर से सवर्ण आरक्षण का विरोध और बाबू साहब का मुद्दा उठाकर एक वर्ग विशेष के खिलाफ बात करने का चुनाव में भारी नुकसान हुआ।


उन्होंने कहा कि राजद को हार के लिए कांग्रेस व अन्य पार्टियों या जातियों पर सवाल उठाने की जगह आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। महागठबंधन की हार का ठीकरा कांग्रेस के सिर फोड़ने की प्रवृत्ति बंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में पूर्ण बहुमत हासिल करने के लिए राजद को सर्व समाज की राजनीति करनी चाहिए। ऐसा करने पर ही सभी जातियों के लोगों से जुड़ने में कामयाबी मिलेगी और चुनावी विजय हासिल होगी।

Comments

Popular posts from this blog

पूर्व सांसद धनंजय सिंह के प्राइवेट गनर को गोली मारकर हत्या इलाके में कोहराम पुलिस छानबीन में जुटी

सपा ने जारी किया सात लोकसभा के लिए प्रत्याशियों की सूची,जौनपुर से मौर्य समाज पर दांव,बाबू सिंह कुशवाहा प्रत्याशी घोषित देखे सूची

21 अप्रैल को जौनपुर पहुंच कर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे बाबू सिंह कुशवाहा, जाने क्या है पूरा कार्यक्रम