जौनपुर में युवक की हत्या, तीन दिन पहले ही पुलिस से मांगी थी सुरक्षा

जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के गोबरा गांव में रविवार रात 26 वर्षीय युवक की धारदार हथियार व लाठी से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक ने तीन दिन पहले ही अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

गोबरा गांव निवासी सच्चिदानंद मिश्र (26) पुत्र रामचरण की रविवार रात करीब 10 बजे गांव के कुछ लोगों ने कथित रूप से पीटकर हत्या कर दी। परिजनों के अनुसार गांव के ही विष्णु मिश्रा व उसके साथियों से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर सच्चिदानंद ने 13 मार्च को चंदवक थाने में लिखित शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया था। आरोप है कि पुलिस ने शिकायत पर गंभीरता नहीं दिखाई।

मृतक के पिता रामचरण मिश्र का कहना है कि आरोपितों ने फोन कर सच्चिदानंद को ट्यूबवेल पर बुलाया और वहां कई लोगों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस समय रहते कार्रवाई करती तो उनके बेटे की जान बच सकती थी।

मृतक के मामा तीर्थराय दूबे ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उच्च अधिकारियों की निगरानी में एसआईटी गठित करने की मांग की है।

उधर, पुलिस के अनुसार सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपित विष्णु मिश्रा को पत्नी से अवैध संबंध का शक था, इसी विवाद में लाठी से प्रहार किया गया जिससे सच्चिदानंद की मौत हो गई।

पुलिस ने दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ पुलिस की भूमिका की भी जांच की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

खुटहन में अवैध गैस सिलेंडर का भंडारण पकड़ा गया, तीन लोगों के खिलाफ केस; 81 सिलेंडर बरामद

बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम साहब जिन्होंने दलितों, शोषितों और पिछड़ों को राजनीतिक चेतना जगाकर 'हुक्मरान' बनने का सपना दिखाया:- डॉ रागिनी सोनकर