खुटहन में इलेक्ट्रीशियन का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या को लेकर चर्चा
जौनपुर -खुटहन थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में सोमवार को एक इलेक्ट्रीशियन का शव शीशम के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की पहचान खुटहन ग्राम निवासी कल्पनाथ गुप्ता उर्फ कक्कू मिस्त्री (पुत्र राम लुटावन गुप्ता) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका शव खुटहन ब्लॉक के पश्चिम दिशा में नाली के पास स्थित एक शीशम के पेड़ पर लटका हुआ मिला।
घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिजनों का आरोप है कि यह हत्या का मामला हो सकता है, जबकि कुछ लोग इसे आत्महत्या से जोड़कर भी देख रहे हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मांग पर जौनपुर से फोरेंसिक टीम को बुलाया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक छह भाइयों में एक था। उसके परिवार में पत्नी पूजा गुप्ता, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का स्पष्ट पता चल सकेगा।
Comments
Post a Comment