जौनपुर: संदिग्ध परिस्थितियों में युवती की मौत, परिजनों ने झोलाछाप डॉक्टर पर लगाए आरोप
जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के लेदुका गांव में गुरुवार दोपहर 24 वर्षीय युवती नेहा प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवती का शव उसके घर के बरामदे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की बहन सीमा ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार नेहा का पिछले कई महीनों से चंवरी गांव निवासी एक झोलाछाप डॉक्टर के साथ प्रेम संबंध था। परिवार का दावा है कि घटना वाले दिन युवती उसी डॉक्टर से मिलने गई थी। घर लौटने के कुछ समय बाद उसने कथित तौर पर किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में बदलापुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment