हार्डवेयर व्यवसायी को बदमाश गोली मारकर फरार,घायल का उपचार ट्रॉमा सेंटर वाराणसी में जारी,पुलिस जांच पड़ताल में लगी


जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर बाजार स्थित खुटहन मार्ग पर हार्डवेयर व्यवसायी को बृहस्पतिवार की देर शाम गोली मारकर हमलावर फरार हो गए। घटना के पीछे का कारण उधार पर सामान न देना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बीएचयू ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
पट्टीनरेंद्रपुर निवासी लाल बहादुर सोनी (58) बाजार के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। इनकी बाजार में हार्डवेयर, अलमीरा व बक्से की तीन फर्म हैं। खुटहन मार्ग पर लाल बहादुर सोनी आवास बनाकर रहते हैं तथा उसी मकान में इनकी आलमारी व लोहे के बक्से की दुकान है। शाम पौने सात बजे बाइक पर सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने इन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। गोली पेट में लगी, जिसके बाद ये जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज व चीख-पुकार सुनते ही घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। आनन-फानन में लालबहादुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन ले जाया गया। जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पुलिस अधीक्षक डॉ.अजयपाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। इसके बाद व्यवसायी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बीएचयू ट्राॅमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक सरपतहां दीपेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल खुटहन थाना क्षेत्र में है। बहरहाल जांच-पड़ताल के साथ ही बदमाशों को चिन्हित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Comments

Popular posts from this blog

डीआईजी वैभव कृष्णा की सलामी में गूंजा आरटीसी दीक्षांत परेड का गौरव, 687 नए आरक्षियों ने लिया सेवा-संकल्प

जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 के दूसरे दिन जनपद के 19 परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया

गुजरात ने विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखा — कुलपति प्रो. वंदना सिंह