सांड से टक्कर में मौत के बाद मिला सहारा, पीड़ित परिवार को चार लाख की सहायता


*हाईकोर्ट के आदेश के बाद शासन से मिली आर्थिक मदद, पत्नी के खाते में भेजी गई राशि*

जौनपुर, 11 मार्च। बदलापुर तहसील क्षेत्र के छंगापुर गांव निवासी स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद की सांड से टक्कर के बाद हुई मौत के मामले में शासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत मृतक की पत्नी श्रीमती मीरा नायक के खाते में चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि भेजी गई है।

जानकारी के अनुसार 12 अगस्त 2024 को राजेन्द्र प्रसाद अपनी पत्नी मीरा नायक के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक छुट्टा सांड से टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया था।

घटना के बाद क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसके आधार पर पीड़ित परिवार को सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू हुई। यह मामला माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद तक पहुंचा। न्यायालय के आदेश के बाद जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने प्रकरण का परीक्षण कराया।

जांच में पाया गया कि शासनादेश के अनुसार सांड या नीलगाय के आघात से हुई मृत्यु को राज्य आपदा की श्रेणी में रखा गया है, जिस पर आर्थिक सहायता देने का प्रावधान है। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बदलापुर और तहसीलदार के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई गई।

प्रशासन की ओर से 9 मार्च 2026 को मृतक की पत्नी मीरा नायक के खाते में चार लाख रुपये की सहायता राशि अंतरित कर दी गई।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि यह मामला संवेदनशील होने के साथ अन्य मामलों से भिन्न था, जिस पर तत्काल संज्ञान लेकर माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराई गई है।

सहायता राशि मिलने के बाद मीरा नायक ने शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को धन्यवाद दिया। जिला प्रशासन ने कहा कि पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

*जौनपुर के नायब तहसीलदार अतुल सिंह का UPSC में चयन, डीएम ने किया सम्मानित*

खुटहन में इलेक्ट्रीशियन का शव पेड़ से लटका मिला, हत्या या आत्महत्या को लेकर चर्चा

ललई यादव हत्याकांड का खुलासा: पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, भेजा जेल