जौनपुर में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, 21 केंद्रों पर 10 हजार अभ्यर्थियों की होगी कड़ी निगरानी
जौनपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 मई 2026 को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया ने रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 10 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक की निगरानी में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती कर दी गई है।
बैठक में परीक्षा दिवस पर यातायात, परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी, एआरटीओ, क्षेत्राधिकारी नगर, एआरएम रोडवेज, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment