बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला परिवहन विभाग का चाबुक, 5 वाहनों का चालान



जौनपुर। शहर की सड़कों पर तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर विशेष चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान उन बुलेट मोटरसाइकिलों को चिन्हित किया गया, जिनमें कंपनी के मानक साइलेंसर हटाकर तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। जांच में ऐसे पांच दोपहिया वाहन पकड़े गए और सभी के खिलाफ मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई।

एआरटीओ (प्रवर्तन) सत्येन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि मानक के विपरीत साइलेंसर लगवाना मोटर वाहन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे साइलेंसरों से निकलने वाली कर्कश आवाज आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती है और ध्वनि प्रदूषण को बढ़ाती है।

उन्होंने चेतावनी दी कि सड़क पर शांति व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना विभाग की प्राथमिकता है। भविष्य में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। दोबारा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित वाहन को सीज किया जाएगा।

अभियान के दौरान यात्री/मालकर अधिकारी प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे।

Comments