हल्दी रस्म में चली गोली का आरोपी गिरफ्तार: तमंचा, कारतूस व 98 हजार नकद बरामद
जफराबाद। नाथुपुर में शादी की हल्दी रस्म के दौरान हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार तड़के स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास से पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और 98 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
थानाप्रभारी श्रुष्टि जैन और थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुरानी रंजिश में प्रेम साव को गोली मारने वाला आरोपी अरविंद सिंह आसपास ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी अरविंद सिंह पुत्र कैलाश सिंह को मौके से धर दबोचा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने हल्दी समारोह के दौरान तमंचे से फायर कर प्रेम साव के जबड़े में गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में दहशत का माहौल कम हुआ है, वहीं पुलिस की तत्परता की सराहना भी हो रही है।
Comments
Post a Comment