गरीब बेटियों के सपनों को पंख: जौनपुर में मुफ्त ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगी युवतियां
जौनपुर। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सखी वेलफेयर फाउंडेशन ने सराहनीय पहल शुरू की है। संस्था की ओर से मरदानपुर स्थित कार्यालय में निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवतियां और महिलाएं शामिल हुईं। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ब्यूटी पार्लर से जुड़ी बारीकियां सिखाई जाएंगी, ताकि वे भविष्य में स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वंदना सरकार, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, प्रशिक्षिका पूजा जायसवाल व संस्था की सदस्यों तथा प्रशिक्षु युवतियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर किया। इस दौरान सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर डॉ. रेनू मौर्य, संतोष गुप्ता और मीना गुप्ता ने भी संस्था की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्य अतिथि वंदना सरकार ने कहा कि महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बनाना समाज की प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे कार्यक्रमों से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की युवतियों को अपने पैरों पर खड़े होने का अवसर मिलता है।
संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने बताया कि सखी वेलफेयर फाउंडेशन लगातार समाजसेवा के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय है। संस्था की सदस्य स्वर्णिमा जायसवाल को स्वच्छता मिशन का ब्रांड एंबेसडर बनने और अर्चना सिंह को अंतरराष्ट्रीय हिंदू महिला परिषद का जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान होली के अवसर पर सभी महिलाओं और युवतियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर उत्सव मनाया। समूह खेलों और होली गीतों पर नृत्य के साथ कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने किया, जबकि आभार महासचिव अर्चना सिंह ने व्यक्त किया।
इस मौके पर सरला महेश्वरी, शीला राय, पिंकी जायसवाल, सुजाता जायसवाल, दिव्या साहू, शशि मिश्रा, सरिता निगम, आरती सिंह, संचिता बैंकर, दीपा साहू, शकुंतला मौर्य, मीनू बरनवाल, चंदा बरनवाल, सभासद पोषकी साहू, अंजु जायसवाल, रूपम शुक्ला, श्रद्धा उपाध्याय, रेनू गुप्ता, वंदना साहू, रजनी साहू, साधना साहू सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां उपस्थित रहीं।
Comments
Post a Comment