इमामबाड़ा में चोरी व तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक की टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर छोटी लाइन मस्जिद के पास स्थित एक रेस्टोरेंट के निकट से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में कन्हैया बिन्द (20) पुत्र पंचम बिन्द, अमर बिन्द उर्फ मंडोले (19) पुत्र पारस बिन्द और दीपक बिन्द उर्फ दीपू (24) पुत्र चन्द्रशेखर बिन्द निवासी मानेपुर थाना लाइनबाजार शामिल हैं।
तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से चोरी किए गए चांदी के जरीह को बेचने से बची नकदी क्रमशः 700, 650 व 500 रुपये कुल 1850 रुपये तथा दीपक बिन्द के पास से एक आसमानी रंग का नारजो (NARZO) मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस मामले में थाना कोतवाली में मु.अ.सं. 46/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 324(4), 298 व 317(2) में मुकदमा दर्ज है। धारा 305 के तहत आवास या धार्मिक स्थल से चोरी करने पर सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान है, जबकि अन्य धाराएं संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी की संपत्ति रखने जैसे अपराधों से संबंधित हैं।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर दिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक महमूद आलम अंसारी, उपनिरीक्षक जयदीप कोल, हेड कांस्टेबल सरोज कुमार, हेड कांस्टेबल समीम अख्तर तथा कांस्टेबल कुंवर अविनाश सिंह शामिल रहे।
Comments
Post a Comment