काली पट्टी बांध शिक्षकों ने मनाया ‘काला दिवस’, पुरानी पेंशन बहाली की उठी मांग
जिला इकाई के पदाधिकारियों के नेतृत्व में शिक्षकों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में पुरानी पेंशन बहाली सहित पांच सूत्रीय मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की गई।
बीआरपी इंटर कॉलेज जौनपुर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने कहा कि 1 अप्रैल 2005 से पुरानी पेंशन समाप्त कर एनपीएस लागू किया गया, जबकि 1 अप्रैल 2025 से यूपीएस विकल्प के रूप में लाई गई। उन्होंने कहा कि दोनों ही योजनाएं शिक्षक-कर्मचारियों के भविष्य के लिए सुरक्षित नहीं हैं, बल्कि अनिश्चित व बाजार आधारित होने के कारण बुढ़ापे को असुरक्षित बनाती हैं। इसी के विरोध में 1 अप्रैल को ‘काला दिवस’ मनाकर शिक्षक अपनी पीड़ा सरकार तक पहुंचा रहे हैं।
कार्यकारी जिला अध्यक्ष रितेश कुमार ने कलेक्ट्रेट में एसडीएम (अतिरिक्त) को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाए और पुरानी पेंशन बहाल कराने का प्रयास किया जाए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. चंद्र सेन ने कहा कि एनपीएस और यूपीएस दोनों ही योजनाएं कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, जिन्हें समाप्त करना आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों में एनपीएस व यूपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन बहाल करना, शिक्षा के निजीकरण पर रोक लगाना, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राजकीयकरण, सेवा शर्तों व सुरक्षा से जुड़ी धारा-21 को यथावत लागू करना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करना तथा आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट शीघ्र जारी करने की मांग शामिल है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में रितेश कुमार, डॉ. चंद्र सेन, सिद्धार्थ यादव, सुरेश कुमार, सत्य प्रकाश यादव, शैलेंद्र कुमार, अनिल कुमार, राजेंद्र प्रसाद यादव, राय साहब सहित अन्य शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment