जमीन की गलत हुई पैमाइश तो श्रीप्रकाश ने टावर से लगा दी छलांग ,हुई मौत
जौनपुर । जमीन की पैमाइश को लेकर चल रहे विवाद ने एक युवक की जान ले ली। राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और घंटों चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर पड़ा। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है। डीएम ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
बक्शा थाना क्षेत्र के उतरेजपुर गांव निवासी श्रीप्रकाश यादव शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। वह अपनी जमीन की दोबारा पैमाइश कराकर पुनः पत्थर गड्डी कराने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा उन्हें नीचे उतारने का प्रयास किया गया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे।
इसके बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर जमीन की नापी का कार्य शुरू कर दी। इसी दौरान करीब दो बजे दिन में श्रीप्रकाश यादव अचानक मोबाइल टावर से नीचे गिर पड़े। गंभीर हालत में पुलिस उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। जिलाधिकारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि शासन और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। पूरे मामले की जांच के लिए एडीएम के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। जांच में जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के भाई जयशंकर यादव ने बताया कि जमीन की पैमाइश को लेकर वर्ष 2016 में एसडीएम कोर्ट में धारा 24 के तहत आवेदन किया गया था। आरोप है कि वर्ष 2019 में गलत तरीके से जमीन की नापी कराकर पत्थर गड्डी कर दी गई। इसके बाद दोबारा सही पैमाइश और पत्थर गड्डी के लिए लगातार अधिकारियों के यहां गुहार लगाई जाती रही, लेकिन विपक्षी पक्ष रसूखदार होने के कारण उनकी सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि वह कभी डीएम कार्यालय तो कभी एसडीएम दफ्तर का चक्कर लगाते रहे। इसी बीच विपक्षी पक्ष विवादित जमीन से जिला पंचायत की सड़क बनवाने का प्रयास करने लगा। इसी से परेशान होकर शुक्रवार सुबह उनके बड़े भाई श्रीप्रकाश यादव मोबाइल टावर पर चढ़ गए। उन्होंने भाई को समझाने और नीचे उतारने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माने।
मृतक के भाई जयशंकर यादव ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
Comments
Post a Comment