*नवनिर्माण के 9 वर्ष’ की गूंज: कलेक्ट्रेट में भव्य आयोजन, अन्नप्राशन संस्कार संग योजनाओं का प्रसार*
उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का केंद्र बिंदु बाल विकास एवं पुष्टाहार रहा, जिसमें सरकारी योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों की झलक भी देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा दो बच्चों—अंचल और कीर्ति—का अन्नप्राशन संस्कार कर किया गया। इसके बाद दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को औपचारिक रूप दिया गया। इस दौरान ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ विषय पर आधारित बुकलेट एवं फोल्डर का प्रदर्शन एवं वितरण किया गया, जो प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को दर्शाता है।
समारोह में आईसीडीएस विभाग के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और मुख्य सेविकाओं को सम्मानित किया गया। बक्सा की मुख्य सेविका निधि, जौनपुर नगर की अनीता यादव, खुटहन की दीपिका शुक्ला सहित प्रतिभा सिंह, सरिता यादव, विद्यावती देवी, वंदना और संजू यादव को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की भूमिका को बेहद अहम बताते हुए कहा कि वे बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उपस्थित लोगों से तालियों के माध्यम से उनका उत्साहवर्धन भी कराया। साथ ही निर्वाचन कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी सराहनीय बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीते नौ वर्षों में आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए और जनपद के स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेन्द्र सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला, सीडीपीओ राजेश यादव, सुरेश कुमार यादव, राकेश चन्द्र मौर्य, अभिषेक कुमार सहित अनेक अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment