*क्षत्रियों की भूमिका पर गरजे ब्रजभूषण सिंह, बोले— राष्ट्र निर्माण में रहा अहम योगदान*
जौनपुर -बैस क्षत्रिय राष्ट्रीय एकता मंच द्वारा तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज के मार्कण्डेय सिंह सभागार में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व सांसद ब्रजभूषण शरण सिंह ने क्षत्रिय समाज की ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राचीन काल से लेकर आज तक राष्ट्र और समाज के निर्माण में क्षत्रियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज में आज भी सभी वर्गों का नेतृत्व करने की क्षमता मौजूद है। स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि केवल महात्मा गांधी को ही आजादी का श्रेय देना पूरी तरह सही नहीं है, बल्कि चन्द्रशेखर आजाद, भगत सिंह और सुभाष चन्द्र बोस जैसे क्रांतिकारियों का योगदान भी उतना ही अहम रहा है।
*युवाओं को दिया संदेश*
पूर्व सांसद ने युवाओं को प्रेरित करते हुए रश्मिरथी और हनुमान चालीसा पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास ने हनुमान चालीसा में बल, बुद्धि और विद्या की कामना की है, और यदि ये तीनों गुण व्यक्ति में हों तो सफलता स्वयं उसके पास आती है।
उन्होंने छात्रों से जमीन से जुड़े रहने और संस्कारों को अपनाने की अपील भी की।
*होली गीतों से सजी महफिल*
समारोह में होली गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को रंगीन बना दिया और उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सांसद धनंजय सिंह, विधान परिषद सदस्य ब्रजेश सिंह प्रिंसू तथा पूर्व विधायक हरेन्द्र सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुंवर जय सिंह बाबा ने की, जबकि संचालन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने किया।
इस अवसर पर धर्मराज सिंह, डॉ. महेन्द्र सिंह, दयाशंकर सिंह, अनिल कुमार सिंह, ओमप्रकाश सिंह, प्रेमप्रकाश सिंह, डॉ. वीरेन्द्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment