*एक दिन की डिप्टी एसपी बनी मानसी, ‘मिशन शक्ति’ से सपनों को मिली नई उड़ान*
शाहगंज (जौनपुर)। -“बेटी पढ़ेगी, तभी देश आगे बढ़ेगा” इस सोच को साकार करते हुए कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा मानसी यादव को एक दिन के लिए डिप्टी एसपी बनाया गया। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से यह अनूठी पहल ‘मिशन शक्ति’ अभियान के छठवें चरण के तहत की गई।
इस अवसर पर शाहगंज के डिप्टी एसपी अजीत सिंह चौहान ने मानसी को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, अधिकार और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समाज सेवा के महत्व को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेते हुए पुलिस व्यवस्था को करीब से जाना और कई जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं।
*छात्राओं में दिखा उत्साह*
डिप्टी एसपी अजीत सिंह चौहान ने छात्राओं के अनुशासन और व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
*मानसी बोली अब और मजबूत हुआ सपना*
एक दिन की डिप्टी एसपी बनी मानसी यादव भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि उनका सपना पुलिस विभाग में शामिल होकर अपने माता-पिता का नाम रोशन करना है। इस अनुभव ने उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास दिया है, जिससे वह भविष्य में एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बनकर देश सेवा करना चाहती हैं।
मानसी ने इस अवसर के लिए सरकार, बीएसए डॉ०गोरखनाथ पटेल, एबीएसए बसंत शुक्ला और वार्डन एकता नीलम सहित सभी सहयोगियों का आभार जताया।
कार्यक्रम में विद्यालय की 26 छात्राएं, अध्यापिकाएं किरण व प्रियंका तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment