*राशन, गैस और योजनाओं पर सख्ती: डीएम की बैठक में अवैध भंडारण व लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश*
जौनपुर, 30 मार्च। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान डीएम ने राशन कार्डों में आधार सीडिंग की प्रगति, पात्रता सूची में नए लाभार्थियों के समावेशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 एवं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जनवरी से मार्च 2026 तक खाद्यान्न वितरण की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही विभागीय निरीक्षण, प्रवर्तन कार्यवाही, निलंबित एवं रिक्त उचित दर दुकानों, आईजीआरएस/जनसुनवाई और सिंगल स्टेज डिलीवरी प्रणाली की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनपद में रिक्त उचित दर दुकानों के चयन की प्रक्रिया को तेज किया जाए। इसके लिए संबंधित उपजिलाधिकारियों को पत्र भेजकर शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े लाभार्थियों को उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
डीएम ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि रसोई गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, अनियमितता एवं अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) परमानंद झा, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, गैस कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधक, उचित दर विक्रेता संघ के पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment