आंधी का कहर: पेड़ गिरने से 17 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुई घटना

जौनपुर। जिले में बीती रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मछलीशहर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास अचानक नीम का पेड़ गिरने से बाइक सवार एक युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के पकड़ी गोदाम मोहल्ला निवासी मनीष कुमार गौतम (17 वर्ष) अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिसके चलते वह सड़क किनारे रुक गए। तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।

पेड़ की भारी डाल के नीचे दबने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय लोगों में भी इस हादसे को लेकर आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे कई जर्जर और पुराने पेड़ खड़े हैं, जो आंधी-तूफान में कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक पेड़ों की जल्द पहचान कर उन्हें हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Comments

Popular posts from this blog

मदरसा अरबिया रियाजुल उलूम में 13 बच्चों की हुई दस्तारबंदी

जौनपुर को जाम से राहत: बदलापुर पड़ाव–तूतिपुर के बीच पीपे का पुल जनता को समर्पित

एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह का सख्त रुख—पुलिस कार्यालय की हर शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित कार्यों पर जताई नाराज़गी