न्याय की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने को पीएलवी का प्रशिक्षण, जिम्मेदारियों पर दिया गया जोर*


*संवर्धन द्वितीय चरण में ‘अधिकार मित्रों’ को मिला विधिक ज्ञान, विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी*
जौनपुर, उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर के तत्वावधान में ‘‘संवर्धन द्वितीय चरण’’ के अंतर्गत पराविधिक स्वयं सेवकों (अधिकार मित्र) के लिए क्लस्टर आधारित मासिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायालय परिसर स्थित मीटिंग हाल में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर श्री सुशील कुमार शशि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय/नोडल अधिकारी लोक अदालत श्री रणजीत कुमार एवं सिविल जज सीडी/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुशील कुमार सिंह की उपस्थिति में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।

अपने संबोधन में जनपद न्यायाधीश ने पराविधिक स्वयंसेवकों की भूमिका को न्याय प्रणाली की रीढ़ बताते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने स्वयंसेवकों को संवेदनशील, प्रशिक्षित और सक्रिय रहने पर बल दिया।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विधिक विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी प्रदान की। बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय द्वारा समाज कल्याण विभाग की योजनाओं—विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सदस्य स्थायी लोक अदालत विजय शंकर श्रीवास्तव ने लोक अदालत की कार्यप्रणाली समझाई, जबकि सहायक श्रमायुक्त देवव्रत यादव ने श्रम कानूनों और श्रमिकों को मिलने वाले लाभों पर प्रकाश डाला।
मध्यस्थ संजय कुमार उपाध्याय एवं अधिवक्ता मनोज कुमार वर्मा ने नालसा व यूपीएसएलएसए की योजनाओं, सुलह-समझौता प्रक्रिया, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, निःशुल्क विधिक सहायता, अपराध पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना तथा जनजागरूकता अभियानों के संचालन पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया।

असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रकाश तिवारी व अनुराग चौधरी ने एलएडीसीएस के माध्यम से दी जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा किया गया, जबकि समापन सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुशील कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय श्रीमती प्रीति श्रीवास्तव सहित जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

जौनपुर में स्मार्ट मीटर का बड़ा विस्तार: 1.71 लाख से ज्यादा उपभोक्ता जुड़े, अब मोबाइल की तरह होगा बिजली रिचार्ज

जौनपुर में दुष्कर्म आरोपी का संदिग्ध हालात में शव मिला, कमरे में फंदे से लटका मिला युवक

जौनपुर में आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम योगी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण; 51 महिलाओं को सौंपा गया जिम्मा