जौनपुर के कौली गांव में जमीन विवाद पर बवाल, मौत के बाद अंतिम संस्कार से परिजनों का इनकार
जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के कौली गांव में भूमि विवाद को लेकर हुए हिंसक संघर्ष में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कौली गांव निवासी 48 वर्षीय अजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू का अपने पड़ोसी दानबहादुर शर्मा और तेजबहादुर शर्मा के साथ बगीचे की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात भैंस बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि झड़प के दौरान अजय सिंह पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
गुरुवार को अजय सिंह के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परिजन शव को गांव लेकर पहुंचे, लेकिन अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शाम करीब पांच बजे सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ), उप जिलाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और विवादित भूमि की पैमाइश कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रशासन की मौजूदगी में राजस्व विभाग की टीम ने विवादित जमीन का सीमांकन कार्य शुरू कर दिया। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मृतक के घर और गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Comments
Post a Comment