सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल

जौनपुर – जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के सधनपुर गांव निवासी सुनील प्रजापति (30) के परिवार पर मंगलवार की सुबह भारी संकट टूट पड़ा, जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील अपनी पत्नी रोली (28), पुत्री काव्या और पुत्र कार्तिक के साथ बाइक से सरपतहां थाना क्षेत्र स्थित बुढिया माई मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में निजमापुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी।

हादसे में मासूम कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सुनील, रोली और काव्या गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को पुरुष चिकित्सालय पहुँचाया। वहाँ से उनकी हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पत्नी रोली की भी मौत हो गई। सुनील की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घायल पुत्री काव्या का शाहगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Comments

Popular posts from this blog

जौनपुर में दो बाइकों की टक्कर: चाचा गंभीर, भतीजा घायल; वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

जौनपुर में स्मार्ट मीटर का बड़ा विस्तार: 1.71 लाख से ज्यादा उपभोक्ता जुड़े, अब मोबाइल की तरह होगा बिजली रिचार्ज

*जौनपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर विराम, प्रशासन ने कहा—पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं*