***लेफ्टिनेंट कर्नल नवीन यादव का असामयिक निधन, गांव में पसरा मातम**


 भोपाल में हुआ अंतिम संस्कार, नासिक में थे तैनात, दो बेटियों को छोड़ गए पीछे


खुटहन (जौनपुर)। 
जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के मूल निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल नवीन यादव का दिल का दौरा पड़ने से असामयिक निधन हो गया। 38 वर्षीय नवीन यादव मध्यप्रदेश के अयोध्या नगर, भोपाल में निवासरत थे और वर्तमान में नासिक में सैन्य सेवा में तैनात थे। बीते 26 जून को ड्यूटी से लौटने के बाद जब वे बाथरूम में गए, तभी अचानक हृदयगति रुकने से उनकी मौत हो गई।

लेफ्टिनेंट कर्नल नवीन यादव, शोभनाथ यादव के पुत्र थे, जो स्वयं भोपाल में प्रोफेसर रहे। मूलतः जौनपुर जनपद के नसीब सराय गाँव (थाना खुटहन) के निवासी रहे इस परिवार ने करीब तीन दशक पूर्व ही भोपाल को स्थायी निवास बना लिया था। नवीन यादव की असामयिक मृत्यु की सूचना मिलते ही नसीब सराय गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और संबंधियों में गहरा दुख व्याप्त है।

नवीन यादव अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं — नौ वर्षीय नत्या और डेढ़ वर्ष की श्रीबि। परिवार पर यह दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनका अंतिम संस्कार भोपाल में सैन्य सम्मान के साथ संपन्न किया गया।

गांव के बुजुर्गों और परिजनों ने बताया कि नवीन पढ़ाई में होनहार थे और बचपन से ही देशसेवा का सपना देखा करते थे, जिसे उन्होंने सेना में शामिल होकर साकार किया। उनके आकस्मिक निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि गांव और सेना के उनके साथियों में भी शोक की लहर है।

यह क्षति न सिर्फ एक परिवार की निजी पीड़ा है, बल्कि देश ने भी एक समर्पित सैन्य अधिकारी को खो दिया है।

Comments

Popular posts from this blog

बच्चों में रंग लगाने की बात को लेकर हुई मारपीट में तीन जख्मी,पत्थर बाजी भी हुई

गभीरन बाजार में परीक्षा देकर लौट रहे छात्र पर हमला, एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

जलालपुर में एक ही परिवार पर जानलेवा हमला, 7 माह की गर्भवती समेत 5 घायल