मछलीशहर में समाधान दिवस: डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने सुनीं 129 शिकायतें, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जौनपुर।जिलाधिकारी जौनपुर डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में तहसील मछलीशहर सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए गुणवत्ता और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम घिसुआं की दुलारी देवी ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके पति जीवित हैं, लेकिन गांव में समान नाम होने के कारण उन्हें मृत दर्शाते हुए वरासत किसी अन्य के नाम कर दी गई। इस गंभीर मामले पर जिलाधिकारी ने तत्काल तहसीलदार को जांच कर त्रुटि सुधारने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम गडवादोदक की निवासी फातमा बेगम ने नया राशन कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को पात्रता जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
चकघसीटा निवासी त्रिभुवन ने तालाब खाते की भूमि से अतिक्रमण न हटाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को शीघ्र कार्रवाई कर अवगत कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा घिसुआं निवासी रेखा द्वारा वारासत दर्ज न होने की शिकायत पर राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को तत्काल वरासत दर्ज करने के आदेश दिए गए।
जिलाधिकारी के समक्ष कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का त्वरित निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय सीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, पटलों और न्यायालयों का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी न्यायालय में लंबित पुरानी पत्रावलियों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही दाखिल-खारिज, म्यूटेशन, स्टांप रजिस्टर, ऑनलाइन आरसी, खसरा-खतौनी सहित अभिलेखों के रख-रखाव का भी अवलोकन कर आवश्यक सुधारात्मक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मछलीशहर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में शौचालय निर्माण एवं साफ-सफाई की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने, पिंक शौचालय को क्रियाशील कराने तथा नए शौचालय निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान वृद्ध फरियादी विद्यावती द्वारा पेंशन के लिए आवेदन किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को पात्रता जांच कर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। साथ ही अन्य वृद्धजनों को कंबल भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी मछलीशहर सौरभ कुमार, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, उप निदेशक कृषि, डीडीओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ओ.पी. श्रीवास्तव सहित अनेक जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

कुंवर अनुपम सिंह बने जौनपुर के नए पुलिस अधीक्षक

डीएलएड प्रवेश के लिए मोहम्मद हसन में सुनहरा मौका

*जौनपुर: कोतवाली पुलिस टीम ने थाना गेट के पास दो-पक्षों की महिलाओं द्वारा वाद-विवाद व मारपीट करने वाली 10 महिलाओं को किया गिरफ्तार,*