*जौनपुर में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों पर विराम, प्रशासन ने कहा—पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं*

जौनपुर, 27 मार्च।जनपद में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आमजन से संयम बरतने की अपील की है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी 275 पेट्रोल/डीजल पम्पों के माध्यम से ईंधन की सतत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा रही है और वर्तमान में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने जानकारी दी कि 26 मार्च 2026 को सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बिक्री होने के कारण जनपद के 17 पेट्रोल पम्पों पर अस्थायी रूप से स्टॉक समाप्त हो गया था। हालांकि, तेल कंपनियों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उन पम्पों पर पुनः आपूर्ति शुरू कर दी गई है। अब जनपद में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं हो रही है।

प्रशासन ने साफ किया है कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद जनपद में ईंधन की कोई कमी नहीं है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि अनावश्यक रूप से पेट्रोल पम्पों पर भीड़ न लगाएं और केवल आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें।

इसके अलावा चेतावनी दी गई है कि कोई भी व्यक्ति पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण या संग्रहण करने का प्रयास न करे, क्योंकि इससे कृत्रिम संकट की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

Comments

Popular posts from this blog

जौनपुर में दो बाइकों की टक्कर: चाचा गंभीर, भतीजा घायल; वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

जौनपुर महोत्सव में गूंजा ‘विकसित भारत’ का सुर, डीएम के गीत ने बांधा समां