क्लासरूम बना अखाड़ा! बच्चों के सामने शिक्षिकाओं में मारपीट, वीडियो वायरल
मामले में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनीता गुप्ता ने सहायक अध्यापिका पर मारपीट और अभद्रता का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि घटना के छह दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे नाराज प्रधानाध्यापिका बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाने को मजबूर हो गईं।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि 13 मार्च 2026 की सुबह करीब 9:02 बजे, विद्यालय परिसर में अचानक विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि सहायक शिक्षिका ने बिना किसी कारण के अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए विवाद बढ़ाया और वीडियो बनाए जाने का विरोध करते हुए मारपीट पर उतारू हो गई।
प्रधानाध्यापिका का कहना है कि उन्हें बच्चों के सामने धक्का देकर गिराया गया और हाथापाई की गई, जिससे उन्हें चोटें भी आईं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद बताई जा रही है, जिसे साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत करने की बात कही गई है।
पीड़िता ने संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल विद्यालय का माहौल बिगाड़ रही हैं, बल्कि मासूम बच्चों के मानसिक विकास पर भी गहरा असर डाल रही हैं।
वहीं, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, वायरल वीडियो ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है और लोग सवाल उठा रहे हैं—क्या अब स्कूलों में भी सुरक्षित नहीं रहा अनुशासन?
Comments
Post a Comment