*आपदा प्रबंधन पर सख्त समीक्षा: विधान परिषद समिति ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश*

जौनपुर, 18 मार्च: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की समीक्षा बैठक सर्किट हाउस, वाराणसी में माननीय सभापति लालजी प्रसाद निर्मल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद जौनपुर के अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन समीक्षा की गई।

बैठक में सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी सहित अन्य सदस्यों ने हीट वेव (लू), बाढ़, नाव दुर्घटना, डूबने की घटनाएं, आकाशीय बिजली, सर्पदंश और आगजनी जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और नवाचारों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान समिति ने निर्देश दिए कि आपदा के दौरान घायलों को त्वरित राहत और सहायता राशि समय पर उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नदी के गहरे स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने पर जोर दिया गया, ताकि डूबने की घटनाओं में कमी लाई जा सके।

समिति ने आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए अग्निशमन और बिजली विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फायर ब्रिगेड के नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी बल दिया गया।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए ‘दामिनी’ और ‘सचेत’ ऐप के प्रचार-प्रसार के साथ तड़ित चालक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सर्पदंश के मामलों में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पीड़ितों को राहत दिलाने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटीवेनम इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

डेंगू और मलेरिया जैसे संचारी रोगों से बचाव हेतु स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। नगर निकायों को नियमित साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और फॉगिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

समिति ने गरीबों को मिलने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की निगरानी, जलभराव की समस्या के समाधान और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों के स्थायी समाधान हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

साथ ही आपदा से प्रभावित लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। समिति ने सभी पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने समिति का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शहरी आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

Comments

Popular posts from this blog

मदरसा अरबिया रियाजुल उलूम में 13 बच्चों की हुई दस्तारबंदी

एसएसपी कुँवर अनुपम सिंह का सख्त रुख—पुलिस कार्यालय की हर शाखा का किया औचक निरीक्षण, लंबित कार्यों पर जताई नाराज़गी

रामपुर में पुलिस पर फायरिंग नकाबपोश बदमाशों ने चेकिंग के दौरान किया हमला, बाल-बाल बची टीम