OLX और Animal App के जरिए ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भैंस और JCB मशीन बिक्री के आकर्षक विज्ञापन डालकर खरीदारों को जौनपुर बुलाते थे। इसके बाद उन्हें सुनसान स्थानों पर ले जाकर बंधक बनाकर मारपीट करते और नकदी, मोबाइल तथा ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से लाखों रुपये वसूल लेते थे।
तीन बड़ी घटनाओं से खुला गिरोह का नेटवर्क
25 मार्च 2026 को प्रयागराज निवासी मोहम्मद नौशाद को Animal App पर भैंस बिक्री का विज्ञापन दिखाकर नौपेड़वा बुलाया गया। वहां मारपीट कर उससे 93 हजार रुपये नकद और बाद में विभिन्न खातों में एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए।
इसी तरह मिर्जापुर निवासी किशन सिंह और उनके सहयोगी गोविंद सिंह को JCB खरीदने के बहाने बुलाकर दो लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा ऑनलाइन और चेक के माध्यम से कुल करीब 10 लाख रुपये की वसूली की गई। आरोपियों ने दोनों को ट्यूबवेल पर बंधक बनाकर रखा और अगले दिन छोड़ दिया।
वहीं 5 जून 2026 को मिर्जापुर निवासी दीपकुमार सिंह और उनके सहयोगी चंद्रशेखर कुशवाहा को भैंस खरीदने के नाम पर बुलाकर उनके मोबाइल फोन से करीब 1.41 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए तथा मारपीट की गई।
घोरहा नहर पुलिया से गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घोरहा नहर पुलिया के पास से दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में—
- मो. अलीम पुत्र अब्दुल सलाम निवासी रानीमऊ, थाना खेतासराय, जौनपुर।
- जितेंद्र यादव पुत्र राम अजोर यादव निवासी धरौली, थाना आसपुर देवसरा, प्रतापगढ़।
शामिल हैं।
दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार जितेंद्र यादव के खिलाफ जौनपुर और प्रतापगढ़ के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी, रंगदारी, मारपीट, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मो. अलीम के विरुद्ध भी हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम, गुंडा एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
- एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल
- तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment