हर्ष फायरिंग में एक बालिका को लगी गोली पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी



तमाम प्रतिबंधो के बाद बाद भी हर्ष फायरिंग की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात जौनपुर जिले के मिरशादपुर गांव में भी ऐसी ही एक घटना घटी। बरात में हर्ष फायरिंग के दौरान जयमाल के स्टेज पर खड़ी दुल्हन की 13 वर्षीय ममेरी बहन के पेट में गोली लग गई। एक अन्य व्यक्ति छर्रा लगने से घायल हो गया।
शादी की खुशियों के बीच घटी घटना से हंगामा मच गया। थोड़ी देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गोली किसने चलाई यह साफ नहीं है। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
बदलापुर थाना क्षेत्र के मिरशादपुर में स्व. चौथीराम केवट की पुत्री रेनू की शादी बक्शा थाना क्षेत्र के काजी नेवादा के राकेश के पुत्र संदीप से तय थी। शनिवार रात घर पर बरात पहुंची। खुशी के माहौल में द्वारचार, जलपान और भोजन के बाद रात करीब 12 बजे जयमाल शुरू हुआ।
ये भी पढ़ें: शादी की सालगिरह पर मंदिर जा रहे दंपती की बाइक ट्रक में भिड़ी, पत्नी के सामने पति की मौत
लोग बारी-बारी से दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने के लिए स्टेज पर चढ़ रहे थे। इस दौरान जयमाल के स्टेज के पीछे से किसी ने फायरिंग कर दी। यह गोली सीधे रूबी बिंद (13) पुत्री बाढू निवासी काफरपुर सरायख्वाजा के पेट में लग गई। साथ ही वहां पर खड़े नन्हकू सरोज (45) निवासी ऊदपुर गेल्हवा के पैर में छर्रा लगने से घायल हो गए।
कक्षा सात में पढ़ने वाली रूबी अपने बुआ के यहां शादी में शामिल होने आई थी। घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। पहले रूबी को पास के अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां रविवार शाम को ऑपरेशन किया गया। इस बाबत बदलापुर प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार राय ने कहा कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शादी में वीडियो कैमरा की मदद से फायरिंग करने वाले की तलाश की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

जौनपुर संसदीय सीट पर टिकट परिवर्तन की अफवाह पर बसपा के मंडल क्वार्डिनेटर की दो टुक,मतदाता अफवाहो से बचे

लोकसभा चुनावः बसपा का टिकट बदला श्रीकला धनंजय सिंह हटी,श्याम सिंह यादव चुनावी मैदान में,निकलने लगे है राजनैतिक मायने

जौनपुर संसदीय क्षेत्र में 12 मछलीशहर मे एक पर्चा हुआ निरस्त