भाजपा ने पंचायत चुनाव को लेकर बनाई रणनीति, हर बूथ पर पुख्ता तैयारी के निर्देश
जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी की बैठक सीहीपुर स्थित जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ पार्टी के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व वंदे मातरम् के गायन से किया गया।
बैठक में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव अब दूर नहीं हैं, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर से लेकर शक्ति केंद्र तक पूरी तैयारी में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने पहले ही विभिन्न अभियानों के जरिए केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाया है और इन्हीं विकास कार्यों के बल पर भाजपा जनता के बीच जाएगी।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि मतदाता पुनरीक्षण पर विशेष ध्यान दें और जो लोग अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें जोड़ा जाए। उन्होंने कहा – “समृद्ध ग्राम से ही समृद्ध राष्ट्र की परिकल्पना साकार होगी। ग्राम स्वावलंबन से आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा किया जा सकता है।”
जिलाध्यक्ष ने जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मिशन मोड में काम करना है और प्रत्येक बूथ पर मजबूत तैयारी सुनिश्चित करनी है।
बैठक का संचालन सुशील मिश्र ने किया। इस अवसर पर लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, संतोष मिश्र, चुनाव संयोजक राकेश वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सुनील यादव मम्मन, सतेंद्र सिंह फंटू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment