*शाही किले में जौनपुर महोत्सव का भव्य आगाज, 623 जोड़ों का सामूहिक विवाह बना आकर्षण*
जौनपुर, 24 मार्च 2026। ऐतिहासिक शाही किले में तीन दिवसीय जौनपुर महोत्सव का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ शुरू हुए इस आयोजन में पहले ही दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें कुल 623 जोड़ों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। इनमें 11 मुस्लिम जोड़ों का निकाह भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा की मौजूदगी रही। उनके साथ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक डॉ. आर.के. पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’ और नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत है। इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे बेटियों के विवाह में आने वाली आर्थिक दिक्कतें कम होती हैं। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में सभी धर्मों के रीति-रिवाजों का सम्मान करते हुए विवाह संपन्न कराए जाते हैं।
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने महोत्सव को जनपद की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि प्रतिभागियों और आगंतुकों को कोई असुविधा न हो।
महोत्सव 24 से 26 मार्च तक चलेगा, जिसमें सांस्कृतिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। पहले दिन स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment