*जौनपुर में मंत्री ए.के. शर्मा ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, बोले उत्तर प्रदेश बना देश का ‘ग्रोथ इंजन*




जौनपुर, 24 मार्च। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रदेश सरकार के नौ वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की यात्रा को “अराजकता से व्यवस्था और निराशा से विश्वास” तक का बदलाव बताते हुए कहा कि प्रदेश आज देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।

मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ने हर क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कानून व्यवस्था में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में माफिया और गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

आधारभूत संरचना और निवेश पर बोलते हुए उन्होंने जेवर में बन रहे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को प्रदेश की वैश्विक पहचान का माध्यम बताया। महिला सशक्तिकरण में बढ़ोतरी का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी 15 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंची है। कृषि क्षेत्र में प्रदेश के देश में प्रथम स्थान पर होने और गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान का भी उल्लेख किया।

जौनपुर को मिली विकास की सौगात

मंत्री ने जनपद जौनपुर में हुए विकास कार्यों का ब्यौरा देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 9.55 लाख किसानों को 2815 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में 97,647 और शहरी क्षेत्र में 27,542 आवास दिए गए, जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना से 22,197 परिवार लाभान्वित हुए।

स्वास्थ्य योजनाओं के तहत आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से लाखों परिवारों को लाभ मिला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 9,486 जोड़ों को सहायता प्रदान की गई।

ऊर्जा, स्वच्छता और पर्यटन में प्रगति

उन्होंने बताया कि मां शीतला चौकिया धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों के विकास के लिए 9.84 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। 179.79 करोड़ रुपये की लागत से नए जिला कारागार का निर्माण कार्य जारी है। विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए ट्रांसफार्मर मरम्मत हेतु अतिरिक्त वर्कशॉप स्थापित की जा रही है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 4,55,837 और नगरीय क्षेत्र में 8,216 शौचालय बनाए गए हैं, जबकि 1,734 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण भी पूरा हो चुका है।

प्रेस वार्ता के दौरान सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत की गई।

इस मौके पर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मीडिया कर्मी मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

*रफ्तार बनी काल: ऑटो पलटते ही उजड़ गई दो जिंदगियां, तीन जिंदगी जंग में*

*क्षत्रियों की भूमिका पर गरजे ब्रजभूषण सिंह, बोले— राष्ट्र निर्माण में रहा अहम योगदान*

*एक दिन की डिप्टी एसपी बनी मानसी, ‘मिशन शक्ति’ से सपनों को मिली नई उड़ान*