जौनपुर महोत्सव में गूंजा ‘विकसित भारत’ का सुर, डीएम के गीत ने बांधा समां

जौनपुर, 26 मार्च।
ऐतिहासिक शाही किला गुरुवार की शाम उस समय तालियों की गूंज से भर उठा, जब जौनपुर महोत्सव के दूसरे दिन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के स्वरचित गीत का लोकार्पण हुआ। “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की संकल्पना पर आधारित इस गीत “तड़पती धूप में देखो, पिघलती बर्फ में देखो” को बॉलीवुड गायक वरदान सिंह ने अपनी आवाज़ दी है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंशु, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्य और जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह गीत केवल शब्दों का संयोजन नहीं, बल्कि जनभावनाओं और विकास की अनुभूति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब शब्द और स्वर मिलते हैं, तो एक नई ऊर्जा जन्म लेती है, जो विकसित भारत के लक्ष्य की ओर प्रेरित करती है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराते हुए सभी के सामूहिक प्रयास पर जोर दिया।

मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और दर्शकों ने गीत की सराहना करते हुए इसे विकास की सोच को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रयास बताया। कार्यक्रम के अंत में गायक वरदान सिंह को उनके उत्कृष्ट गायन और प्रस्तुति के लिए अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया।

जौनपुर महोत्सव का यह सांस्कृतिक आयोजन न केवल कला और संस्कृति का उत्सव बना, बल्कि ‘विकसित भारत’ के विजन को जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी साबित हुआ। #

Comments

Popular posts from this blog

*शाही किले में जौनपुर महोत्सव का भव्य आगाज, 623 जोड़ों का सामूहिक विवाह बना आकर्षण*

*जौनपुर में मंत्री ए.के. शर्मा ने गिनाईं 9 वर्षों की उपलब्धियां, बोले उत्तर प्रदेश बना देश का ‘ग्रोथ इंजन*

धूमधाम से मना चक्रदूत प्रजापति समाज का होली मिलन समारोह