बढ़े मानदेय से गदगद हुए अनुदेशक, सम्मान समारोह में वितरित किए गए ₹17 हजार के प्रतीकात्मक चेक

 बेसिक शिक्षा विभाग के समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, योजनाओं के स्टॉल रहे आकर्षण का केंद्र

जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा अंशकालिक अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर ₹17 हजार किए जाने पर खुशी जताई गई तथा चयनित अनुदेशकों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों एवं अनुदेशकों के सम्मान और हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अंशकालिक अनुदेशकों की महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर ₹17 हजार किया है। उन्होंने सभी अनुदेशकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

समारोह में मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल एवं बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने भी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार के इस निर्णय को सराहनीय बताया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, गुरैनी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा।

समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं पर आधारित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, छात्रवृत्ति योजना एवं पुस्तक वितरण जैसी योजनाओं की जानकारी स्टॉलों के माध्यम से दी गई। मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविन्द्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चन्द्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव एवं पुष्पा देवी सहित कई अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए मानदेय के चेक वितरित किए गए। सम्मानित अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार एवं बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों और अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा प्रशासन शिक्षा के बेहतर वातावरण के लिए लगातार प्रयासरत है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अनुदेशकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश पटेल एवं नूपुर श्रीवास्तव ने किया।

Comments

Popular posts from this blog

बुलेट के मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला परिवहन विभाग का चाबुक, 5 वाहनों का चालान

जौनपुर में लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर हाई अलर्ट, 21 केंद्रों पर 10 हजार अभ्यर्थियों की होगी कड़ी निगरानी

*जनपद में साइबर क्राइम सेल/थाना जनपद जौनपुर व थानों की साइबर सेल पुलिस टीम द्वारा सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 125 गुमशुदा मोबाइल (कीमत करीब बीस लाख रूपये) अब तक कुल 1640 मोबाइल (कीमत करीब 3 करोड़ 28 लाख रुपया) को बरामद कर मोबाइल स्वामियों को किया गया सुपुर्द-*