दूल्हा हत्याकांड में 18 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, सड़क पर उतरा निषाद राज समाज
दूल्हा हत्याकाण्ड: कलेक्ट्रेट तक निकाला पैदल मार्च, ओम प्रकाश राजभर का फूंका पुतला
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में बीते एक मई को हुए चर्चित दूल्हा हत्याकांड में 18 दिन बाद भी मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार और निषाद राज समाज के लोगों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने नगर के जोगियापुर से कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Om Prakash Rajbhar का पुतला फूंका गया तथा उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने “हत्यारों को गिरफ्तार करो”, “पीड़ित परिवार को न्याय दो” और “अपराधियों को संरक्षण देना बंद करो” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पुलिस प्रशासन अब तक मामले के वास्तविक साजिशकर्ताओं तक नहीं पहुंच सका है और कार्रवाई केवल छोटे लोगों तक सीमित है।
मृतक की बहन सौम्या ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरायख्वाजा और खेतासराय पुलिस केवल गरीब और कमजोर लोगों को गिरफ्तार कर मामले की औपचारिकता पूरी कर रही है, जबकि हत्या के असली मास्टर माइंड अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोग आरोपितों को बचाने में लगे हैं, जिसके चलते पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर पा रही है। सौम्या ने कैबिनेट मंत्री Om Prakash Rajbhar और उनके समाज के कुछ नेताओं पर अपनी बिरादरी के आरोपितों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मंत्री का हालिया बयान बेहद निंदनीय और पीड़ित परिवार की भावनाओं को आहत करने वाला है। शासन और प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे परिवार में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मुख्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कलेक्ट्रेट पहुंचकर लोगों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Comments
Post a Comment