मुआवजा पाये दो किसानों ने संगठन को दी 5-5 हजार की आर्थिक सहायता
डोभी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों को जिला प्रशासन द्वारा दिए जा रहे मुआवजे से किसान संतुष्ट नहीं हैं। किसान ब्याज सहित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। पूर्वांचल किसान संगठन के तत्वावधान में किसानों की बैठक हुई जहां संगठन ने मुआवजा पर ब्याज दिलाने के लिये संघर्ष करने की हूंकार भरी। घोषणा हुई कि जब तक किसानों को मुआवजे पर ब्याज नहीं मिलता संघर्ष जारी रहेगा। मुआवजा पाये दो किसानों ने संगठन को संघर्ष करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान किया।
बता दें कि राष्ट्रीय राजमार्ग 233 के निर्माण से प्रभावित किसानों की बैठक पूर्वांचल किसान संगठन के चन्दवक स्थित कार्यालय पर किसान नेता अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। किसानों का कहना था कि जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। 68 करोड़ रुपये वितरित किये जा चुके हैं लेकिन मुआवजे की राशि पर ब्याज नहीं दिया जा रहा है जबकि नियमानुसार 2015 से मुआवजे की सम्पूर्ण धनराशि पर 9 प्रतिशत से लेकर 15 प्रतिशत तक ब्याज दिया जाना चाहिये। जिला प्रशासन व एनएचएआई मुआवजे के वितरण में नियम विरुद्ध प्रकिया अपना रही है।
इस मौके पर अध्यक्षीय सम्बोधन में किसान नेता अजीत सिंह ने कहा कि मुआवजे की सम्पूर्ण धनराशि पर ब्याज की मांग किसानों की जायज है और नियम संमत भी है। संगठन किसानों के साथ है। मुआवजे पर नियमानुसार ब्याज मिले इसके लिए संगठन हर स्तर पर प्रभावी लड़ाई लड़ेगा। किसान श्याम बहादुर सिंह हरदासीपुर व अनिल पांडेय परसुपुर ने संगठन को 5—5 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान किया। इस अवसर पर किसान सूर्यनाथ सिंह, ठाकुर प्रसाद पांडेय, हरि प्रसाद सिंह, अरविंद पांडेय, रामेश्वर सिंह, जय प्रकाश राम, राम सहाय नाविक, सुजीत सिंह, जयकेश भाष्कर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment