जौनपुर : मुंबई से घर लौट रहे युवक की दोस्त ने ही की गोली मारकर हत्या, जंगल में छिपाया शव,

मछलीशहर ,जौनपुर ( उत्तरशक्ति )। मुंबई से घर लौट रहा एक युवक अपने ही दोस्त की साजिश का शिकार बन गया। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के छाछो चकमुबारकपुर गांव निवासी रमाकांत यादव (29) की हत्या उसके परिचित ने रास्ते में ही गोली मारकर कर दी और फिर शव को जंगल में छिपा दिया।

18 नवंबर को रमाकांत मुंबई से कामायनी एक्सप्रेस द्वारा घर के लिए रवाना हुआ था। प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर उसके ट्रेन से उतरने की सीसीटीवी फुटेज भी मिली थी। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

19 नवंबर की रात उसने पत्नी रेखा यादव को फोन कर कहा था कि एक घंटे में घर पहुंच जाऊंगा। परंतु उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

20 नवंबर को घर न पहुंचने पर परिजनों ने मछलीशहर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और संदिग्धों पर नजर रखी।

मंगलवार सुबह सिकरारा थाना क्षेत्र में पुराने बरगदर पुल के पास झाड़ियों में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कराई तो वह रमाकांत यादव का ही शव निकला। सिर में गहरे चोट के निशान थे।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस को पड़ोस के गांव के युवक अशोक कुमार यादव पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने चौंकाने वाली सच्चाई उगल दी।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने बताया l

आरोपी अशोक कुमार यादव ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि मृतक से उसका पैसे को लेकर विवाद था और पूर्व में दोनों के बीच मारपीट भी हो चुकी थी। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई।

ASP ने आगे बताया कि प्रयागराज से लौटते समय अशोक ने रमाकांत को अपनी गाड़ी में बैठाया और सिकरारा थाना क्षेत्र के समाधगंज के पास उसे गोली मार दी। हत्या के बाद पकड़े जाने के डर से उसने शव को पास के जंगल में ले जाकर झाड़ियों में छिपा दिया।

अशोक की निशानदेही पर पुलिस ने न केवल शव बरामद किया बल्कि घटना में प्रयुक्त हथियार (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।

शव मिलते ही गांव में मातम का माहौल फैल गया। पिता शिवबहादुर यादव ने रोते हुए बेटे की पहचान की। पत्नी रेखा, दोनों छोटे बच्चे युवराज और ऋषभ तथा परिजन बदहवास हैं और आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात आतिश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के इस जघन्य मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि घटना गंभीर है। मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही हैl यह सनसनीखेज घटना पूरे जौनपुर जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

 

Comments

Popular posts from this blog

लखनऊ के निर्देशन में न्याय समागम–2026 का हुआ शुभारम्भ

जौनपुर में दिनदहाड़े युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस जांच जुटी

जफराबाद नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ.सरफराज़ खान पर दबंगों द्वारा किया गया जान लेवा हमला