कलेक्ट्रेट सभागार में निगरानी समिति की बैठक, शौचालय, बिजली, उज्ज्वला व आयुष्मान से जोड़ने पर जोर
अधूरे आवासों पर सख्त डीएम: “हर हाल में पूरा करें पीएम आवास”, सभी सुविधाओं से संतृप्ति के निर्देश
जौनपुर, 17 अप्रैल।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निगरानी समिति (प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण) की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपूर्ण आवासों की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए डीएम ने देरी के कारणों की जानकारी ली और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी बाधाओं को तत्काल दूर कर आवासों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित प्रत्येक मकान को केवल निर्माण तक सीमित न रखते हुए उसे सभी मूलभूत सुविधाओं से संतृप्त किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक लाभार्थी को शौचालय, विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।
इसके साथ ही डीएम ने यह भी सुनिश्चित कराने को कहा कि सभी निर्मित आवासों पर स्पष्ट रूप से “प्रधानमंत्री आवास” अंकित कराया जाए, जिससे योजना की पारदर्शिता और पहचान बनी रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment