*नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर आयोजित होने वाली ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न*
जौनपुर -जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित होने वाली ब्लैकआउट मॉकड्रिल की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन में सायं 6 बजे से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस मॉकड्रिल के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, तत्परता एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आकस्मिक अथवा आपात स्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि आमजन की सुरक्षा में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट इन्द्र नंदन सिंह सहित पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment