संदिग्ध गति विधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें : थरवई एसीपी अरुण पाराशर
महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों का लिया गया जायजा
थरवई। थाना थरवई क्षेत्र के पांडेश्वर नाथ धाम पड़िला महादेव जी में आगामी तीन दिवसीय महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को एसीपी थरवई अरुण पाराशर, थाना प्रभारी संतोष कुमार पाण्डेय और पुलिस बल ने पांडेश्वर नाथ धाम पड़िला मे मंदिर, पूजा स्थलों और मार्गों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों की जांच, पार्किंग व्यवस्था और श्रद्धालुओं के प्रवेश-निकास मार्गों को सुव्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को चालू करने का निर्देश दिया गया। महाशिवरात्रि के अवसर पर भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगी। इसके अतिरिक्त, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक अलग यातायात योजना तैयार की जाएगी, जिसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भेज दिया गया है। एसीपी थरवई अरुण पाराशर ने मंदिर के पुजारियों से जल चढ़ाने के समय आने वाली दिक्कतों और अन्य आवश्यक जानकारियाँ भी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रद्धालु बिना किसी भय के पूजा अर्चना कर सके और यह पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।
Comments
Post a Comment