पुलिस मुठभेड़ एक पशु तस्कर को लगी गोली

जौनपुर।थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम के साथ हुई मुठभेड़ में अंतरजनपदीय गौ-तस्करी में संलिप्त एक शातिर अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

 पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह के पर्यवेक्षण में मंगलवार को थाना सरायख्वाजा पुलिस पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पास संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद पिकअप पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस द्वारा पीछा कर घेराबंदी की गई तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। पीछा करते हुए बदमाश देवकली नहर पुलिया के पास पहुंच गए, जहां पिकअप अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।

घायल बदमाश की पहचान मो. सलमान पुत्र मेराज निवासी ग्राम माहुल, थाना अहरौला, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी मोनू उर्फ बलवंत बघेल पुत्र अशोक कुमार निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

मौके से पुलिस ने एक तमंचा 0.315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया है। पिकअप को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मो. सलमान का आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर आजमगढ़ और जौनपुर जनपदों में गोवध निवारण अधिनियम, हत्या के प्रयास, चोरी सहित अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तारी एवं मुठभेड़ में थाना सरायख्वाजा पुलिस टीम के निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सैयद हसन जाफर रिजवी, उपनिरीक्षक बृजेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Comments

Popular posts from this blog

कुंवर अनुपम सिंह बने जौनपुर के नए पुलिस अधीक्षक

यूपी में बोतलबंद पानी ब्रांड्स पर लगे प्रतिबंध से जौनपुर में खुशी की लहर, मिठाई बाटकर मनाई जीत।

फायरिंग कर युवक को घायल करने वाले दो बाल अपचारी 24 घंटे में गिरफ्तार