ताइक्वांडो में मोहम्मद हसन कॉलेज की ऐतिहासिक जीत
जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय ताइक्वांडो (पुरुष एवं महिला) प्रतियोगिता का भव्य आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, सैदपुर (गाजीपुर) में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में पूर्वांचल क्षेत्र के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस प्रतिस्पर्धा में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज, पीजी कॉलेज गाजीपुर, टीडी कॉलेज जौनपुर, वी एन एस लॉ कॉलेज, यशोदा महाविद्यालय, श्री विश्वनाथ महाविद्यालय, बालाजी कॉलेज तथा श्री हरि देश महाविद्यालय की टीमों ने भाग लिया। कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बीच 42 अंकों के सर्वोच्च स्कोर के साथ मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज की ताइक्वांडो टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि तिलकधारी महाविद्यालय की टीम द्वितीय स्थान पर रही। खिलाड़ियों ने विभिन्न भार वर्गों में शानदार तकनीक, आत्मविश्वास और संयम का परिचय देते हुए निर्णायकों एवं दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता का परिणाम घोषित होते ही महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह की लहर दौड़ गई तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विजेता टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कठोर परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है और महाविद्यालय सदैव प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करता रहेगा। प्राचार्य ने टीम कोच मोहम्मद शफीक किरमानी की सराहना करते हुए उनके मार्गदर्शन को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया तथा समस्त खिलाड़ियों को भविष्य में विश्वविद्यालय, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कोचगण, खिलाड़ी एवं महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने विजेता टीम को शुभकामनाएँ दीं।
Comments
Post a Comment