महाशिवरात्रि पर्व से पहले डीसीपी गंगानगर ने पांडेश्वर नाथ धाम पड़िला मंदिर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीसीटीवी निगरानी, महिला पुलिस व कई थानों की फोर्स रहेगी तैनात
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष ध्यान : डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत
थरवई। महाशिवरात्रि के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में है। गुरुवार दोपहर को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत और सहायक पुलिस आयुक्त थरवई अरुण पाराशर ने ऐतिहासिक पांडेश्वरनाथ धाम, पंडिला का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास मार्गों, और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दिन भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की जाए और दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि पूरे मंदिर परिसर को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाएगा और कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। महाशिवरात्रि मेले के दौरान यातायात पुलिस, महिला पुलिसकर्मी और कई थानों की अतिरिक्त फोर्स मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहेगी। डीसीपी गंगानगर ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पार्किंग स्थलों को चिन्हित करने और डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर के पुजारियों और प्रबंधन समिति के सदस्यों से बात कर उनकी समस्याएं जानीं और उन्हें आश्वासन दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा जांच और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त थरवई अरुण पाराशर, थरवई इंस्पेक्टर संतोष कुमार पाण्डेय, एसओजी प्रभारी सुखचैन तिवारी और मंदिर प्रबंधन से राजेश गिरी, अखिलेश कुमार गिरी, मगन शर्मा आदि लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment